Home » Blog » उत्तराखंड: थराली में देर रात बादल फटा, लोगों के लापता होने की आशंका, एसडीएम आवास व तहसील परिसर में मलबा घुसा

उत्तराखंड: थराली में देर रात बादल फटा, लोगों के लापता होने की आशंका, एसडीएम आवास व तहसील परिसर में मलबा घुसा

by riya tomar
  • एक युवती दबने की आशंका, कई वाहन क्षतिग्रस्त, स्कूल-आंगनबाड़ी आज बंद

चमोली : ज़िले के थराली कस्बे में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। आधी रात करीब एक बजे हुई इस घटना में तेज़ बारिश के साथ आया मलबा एसडीएम आवास, तहसील परिसर और कई घरों में घुस गया। कस्बे केदारबगढ़, राडिबगढ़ और चेपड़ों में भी भारी नुकसान की सूचना है।

मलबे में कई वाहन दब गए, जबकि सागवाड़ा गांव की एक युवती के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। अचानक आई आपदा से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग घरों से चीखते-चिल्लाते बाहर निकल आए।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन ने एहतियातन शनिवार को थराली तहसील क्षेत्र के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।

जिला आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार, लगातार हो रही वर्षा से सड़कों पर पानी भर गया और पूरा कस्बा तालाब में तब्दील हो गया। तहसील परिसर में खड़े कई वाहन मलबे में दबे पाए गए।